इंदौर में एक लड़की और दो लड़कों ने नशे में धुत होकर उत्पात मचाया। यह घटना बाणगंगा इलाके में हुई। बीती रात पांच वाहनों के कांच भी तोड़े गए। इसमें मारपीट भी हुई। स्थानीय लोग कहते हैं कि यह हरकत कुछ लड़कों और एक लड़की ने की है। इनका सीसीटीवी भी सामने आ गया है। पुलिस ने इनमें से 3 को हिरासत में लिया है। सभी नाबालिग हैं।
घटना शुक्रवार रात करीब 2.30 बजे बाणगंगा थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में हुई। दो लड़के और एक लड़की नशे में होकर एक स्कूटी पर रेसिंग कर रहे थे। भोलेनाथ मंदिर के पास वृंदावन कॉलोनी में जाते हुए उन्होंने पत्थर मारकर कार के कांच तोड़े। कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई।
सूत्रों के मुताबिक बाणगंगा क्षेत्र में नशे का पाउडर बिक रहा है। आरोप है कि यह एक नेता के संरक्षण में हो रहा है। आरोपी लड़की लालकुआं की रहने वाली है। क्षेत्र में 4-5 लड़कियों की गैंग है, जो नशे के कारोबार में लिप्त हैं। उनके बारे में भी पुलिस पता लगा रही है।
थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया का कहना है कि वृंदावन चौराहे में लड़के-लड़कियों ने 5 गाड़ियों के कांच तोड़े हैं। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान हो गई है। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है और सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह घटना नशे में हुई है। एक-दो आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। अन्य के भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पार्षद के पति और कांग्रेस नेता दीपू यादव का कहना है कि नशे में मारपीट करना आम बात है। क्षेत्र में लड़कियां नशे का कारोबार कर रही हैं और नशा भी करती हैं। पुलिस-प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करे।