इंदौर के पलासिया इलाके में एक व्यवसायिक महिला के घर में दो संदिग्ध दीवार फांद कर अंदर घुस गए। नौकरानी ने यहां सीसीटीवी कैमरों में उन्हें देख लिया। जाली वाले गेट के अंदर से ही जब उनसे पूछताछ की तो दोनों जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद आरोपी वापस दीवार कूदकर भाग गए। व्यवसायिक महिला को नौकरानी ने सूचित किया। उन्होंने पुलिस में शिकायत की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों लड़कों पर केस दर्ज कर लिया है।
पलासिया पुलिस के मुताबिक नीता गोयल उत्कर्ष विहार, मनीषपुरी कॉलोनी में रहती हैं। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को वह आफिस गई थी। उनके घर पर ससुर यशपाल गोयल, दो नौकरानी उषा और वर्षा थी। मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। करीब 12 बजे के लगभग दो लड़के घर का वीडियो बना रहे थे। इसके कुछ देर बाद एक लड़का गेट के यहां आया और उसे खोलने का प्रयास करने लगा। जब गेट नहीं खुला तो वह दीवार फांद कर अंदर आने लगा। इस दौरान कर्मचारी महिला वर्षा ने उसे देख लिया। तुरंत ही उसने जाली वाला गेट खोला और पूछा कि किससे मिलना है। ऐसे अंदर क्यों आया है। तब उसने बताया कि यहां मुझे काम से बुलाया था। इस पर वर्षा ने कहा कि काम के लिए बुलाया था, तो बेल बजाकर आना था। इस तरह से चोरों की तरह घर में क्यों घुसे। इसके बाद वह बाउंडरी वाल कूदकर वापस भाग गया।
दूसरे दिन दोपहर में वही लड़के फिर से घुसे और गेट तोड़ने का प्रयास किया। वर्षा ने बालकनी से उन्हें देखा और चिल्लाई। जिसके बाद आरोपी भाग गए। मामले में व्यवसायिक महिला ने फुटेज पुलिस को सौंपे। जिस पर पुलिस संदिग्धों की तलाश शुरू की है।