इंदौर की एक शादीशुदा महिला ने अपने ही परिचित के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसके ही गांव में रहता है। इसके चलते दोनों के बीच जान-पहचान थी और घर आना-जाना लगा रहता था। आरोपी ने इस अवसर का फायदा उठाकर पीड़िता के वीडियो-फोटो बना लिए और उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस आरोपी की तलाश में है।
हीरानगर पुलिस ने 28 साल की शादीशुदा महिला की शिकायत पर उसके परिचित बिरजू पुत्र गंगाराम के खिलाफ बार-बार रेप करने और धमकाकर ब्लैकमेल करने के मामले में केस दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके गांव का ही रहने वाला है और परिचित भी है। 2021 से बिरजू का उसके घर आना-जाना है। कुछ समय बाद आरोपी पति की गैरमौजूदगी में भी महिला के घर आने लगा।
20 मार्च 2021 को आरोपी बिरजू पीड़िता के घर पहुंचा। महिला का पति काम पर गया था। तब आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उसे पसंद करता है। उससे शादी कर साथ में रखना चाहता है। पीड़िता ने कहा कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके (बिरजू) बारे में ऐसा कुछ नहीं सोचती।
इसके बाद भी बिरजू नहीं माना और जबरदस्ती करने लगा। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी ने कहा कि उसके पास कुछ फोटो और वीडियो हैं। जो वह परिवार और रिश्तेदारी में दिखा देगा। इससे वैसे ही उसकी शादीशुदा जिंदगी खत्म हो जाएगी। पीड़िता डर गई और बिरजू जबरदस्ती कर चला गया।
इसके बाद बिरजू कभी भी घर आ जाता और उसे वीडियो-फोटो पति को दिखाने और वायरल करने की धमकी देता। बिरजू कई दिनों तक पीड़िता का शोषण करता रहा। पीड़िता ने परेशान होकर जब बिरजू की बात मानने से इनकार किया, तो बिरजू ने पहले पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। फिर कहा कि वह उसके पति को भी मरवा सकता है।